
सीधी।, स्वामी विवेकानंद जी की जयंती “राष्ट्रीय युवा दिवस” के अवसर पर रविवार को शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय सीधी क्रमांक–1 के प्रांगण में सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में शारीरिक, मानसिक और नैतिक विकास के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण की भावना को सुदृढ़ करना रहा।
इस अवसर पर सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह, कलेक्टर श्री स्वरोचिष सोमवंशी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, उपखण्ड अधिकारी (गोपद बनास) श्री राकेश शुक्ला, उप पुलिस अधिकारी श्री अमन मिश्रा सहित जिले के अनेक गणमान्य नागरिक, अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में विद्यालयीन एवं महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए सामूहिक रूप से सूर्य नमस्कार किया। पूरा परिसर योगमय वातावरण में परिवर्तित हो गया, जहां अनुशासन, ऊर्जा और सकारात्मकता का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।
सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि स्वामी विवेकानंद जी के विचार आज भी युवाओं को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। सूर्य नमस्कार जैसे आयोजन न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं बल्कि आत्मबल और एकाग्रता को भी बढ़ाते हैं। उन्होंने युवाओं से विवेकानंद जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह ने कहा कि युवा शक्ति ही देश का भविष्य है और ऐसे कार्यक्रम युवाओं को सकारात्मक सोच, अनुशासन और आत्मनिर्भरता की ओर प्रेरित करते हैं।
कलेक्टर श्री स्वरोचिष सोमवंशी ने कहा कि नियमित योग और सूर्य नमस्कार से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक संतुलन भी बना रहता है। उन्होंने विद्यार्थियों से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में शिक्षा विभाग, विद्यालय प्रशासन, शिक्षकगण एवं स्वयंसेवकों का सराहनीय योगदान रहा। आयोजन शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ।
