
सीधी। मेहनत, लगन और लक्ष्य के प्रति अटूट समर्पण का परिणाम जब सफलता के रूप में सामने आता है, तो वह केवल एक छात्र की उपलब्धि नहीं रह जाती, बल्कि पूरे परिवार और समाज के लिए गर्व का विषय बन जाती है। ऐसा ही गौरवपूर्ण पल सीधी जिले में देखने को मिला, जब भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह के नाती गौरव सिंह चौहान ने मध्यप्रदेश बोर्ड परीक्षा में शानदार 97% अंक हासिल कर एक नई मिसाल कायम की।
गौरव सिंह चौहान, पिता सुनील सिंह चौहान एवं माता साधना सिंह चौहान के होनहार पुत्र हैं। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार का नाम रोशन किया है, बल्कि पूरे जिले को गौरवान्वित किया है। इस सफलता के पीछे उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और परिवार का निरंतर सहयोग साफ दिखाई देता है।
गौरव, जो गांधी हाई स्कूल सीधी के छात्र रहे हैं, ने अपनी सफलता का श्रेय अपने दादा-दादी, माता-पिता, चाचा-चाची और गुरुजनों को दिया। उन्होंने बताया कि सीमित संसाधनों और बिना किसी विषय की ट्यूशन के बावजूद उन्होंने नियमित अध्ययन, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर यह मुकाम हासिल किया।
जैसे ही परिणाम घोषित हुआ, पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। रिश्तेदारों, मित्रों, शुभचिंतकों एवं सामाजिक-राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने गौरव को आत्मिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
गौरव की यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी एक प्रेरणास्रोत बन गई है। यह उपलब्धि साबित करती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो, तो सीमित संसाधन भी सफलता की राह में बाधा नहीं बनते।
सीधी की धरती एक बार फिर यह संदेश दे रही है कि यहां प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। सही मार्गदर्शन और दृढ़ संकल्प के साथ यहां के युवा प्रदेश और देश में अपना परचम लहराने का माद्दा रखते हैं।
वही सुजीत उर्फ प्रिंस सिंह चौहान अपने भतीजे गौरव सिंह चौहान को इस शानदार सफलता के लिए हार्दिक बधाई दी है।
