
सीधी जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी और सख्त कार्रवाई को अंजाम दिया है। कलेक्टर विकास मिश्रा के निर्देशन में आबकारी विभाग ने न्यायालयीन प्रकरणों में जब्त की गई भारी मात्रा में मदिरा को नष्ट कर साफ संदेश दिया है कि अब अवैध कारोबार पर सीधी में कोई ढील नहीं दी जाएगी।
507 मामलों की शराब का एक साथ नष्टीकरण,
16 अप्रैल 2026 को गठित समिति की मौजूदगी में कुल 507 प्रकरणों में जब्त मदिरा का नष्टीकरण किया गया। इस कार्रवाई में देशी, विदेशी और हाथ भट्टी शराब सहित बड़ी मात्रा में अवैध मदिरा को नष्ट किया गया।
नष्टीकरण में शामिल मदिरा का विवरण इस प्रकार है—
504.72 बल्क लीटर देशी मदिरा (प्लेन),
350.28 बल्क लीटर विदेशी मदिरा (स्प्रिट),
168.55 बल्क लीटर बीयर,
1416 बल्क लीटर हाथ भट्टी मदिरा,
इस पूरे जब्त माल की अनुमानित बाजार कीमत करीब 7 लाख 60 हजार रुपये आंकी गई है।
अधिकारियों की मौजूदगी में हुई कार्रवाई,
यह पूरी कार्रवाई कलेक्टर द्वारा अनुमोदित समिति की निगरानी में संपन्न हुई, जिसमें अनुविभागीय अधिकारी राकेश शुक्ला, डिप्टी कलेक्टर प्रिया पाठक, नजूल तहसीलदार मीनाक्षी जायसवाल, नायब तहसीलदार एकता शुक्ला, पुलिस उपनिरीक्षक भूपेश वैस और प्रीति वर्मा सहित आबकारी विभाग की टीम मौजूद रही।
अवैध शराब कारोबारियों के लिए सख्त संदेश,
लगातार मिल रही शिकायतों और जिले में अवैध शराब के बढ़ते नेटवर्क को देखते हुए प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में है। “ऑपरेशन प्रहार” के जरिए यह साफ कर दिया गया है कि कानून से खिलवाड़ करने वालों को अब सीधी में कोई राहत नहीं मिलेगी।
कलेक्टर की सख्त निगरानी,
कलेक्टर विकास मिश्रा लगातार जिले की कानून व्यवस्था और अवैध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन का कहना है कि आने वाले समय में भी ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि अवैध शराब के कारोबार को जड़ से खत्म किया जा सके।
इस कार्रवाई से यह साफ है कि सीधी प्रशासन अब केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर सख्ती दिखाते हुए अवैध कारोबारियों पर सीधा प्रहार कर रहा है।
