तलाश न्यूज समाचार | सीधी।
मझौली। सीधी जिले के कुसमी-महखोर मुख्य मार्ग पर बुधवार को होम लाइक स्कूल के समीप पिकअप और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार दीनानाथ गोस्वामी (35) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी इक्षा गोस्वामी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल बच्ची को जिला मुख्य चिकित्सालय सीधी में प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए रीवा रेफर किया गया है। घटना मड़वास थाना क्षेत्र की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम गोतरा निवासी दीनानाथ गोस्वामी पिता राममिलन गोस्वामी हैदराबाद में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम करते थे। बुधवार को ही वह हैदराबाद से अपने घर लौटे थे। घर पहुंचने के बाद वह अपनी बेटी इक्षा को बाइक पर बैठाकर टिकरी स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया जा रहे थे। बेटी के बैंक खाते में आधार नंबर अपडेट कराना था। इसी दौरान होम लाइक स्कूल के पास सामने से आ रही पिकअप से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दीनानाथ की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई।
दुर्घटना के बाद घायल बच्ची को तत्काल जिला मुख्य चिकित्सालय सीधी पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रीवा रेफर कर दिया। वहीं, पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया।
पिता की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने कुसमी-महखोर मुख्य मार्ग पर सड़क जाम कर दिया, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर मड़वास तहसीलदार वेदवती सिंह और पुलिस मौके पर पहुंची। प्रशासनिक अधिकारियों एवं पुलिस की समझाइश के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका।
हैदराबाद से घर लौटने के कुछ ही समय बाद हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। पिता की असामयिक मौत और बेटी के गंभीर रूप से घायल होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

