तलाश न्यूज सीधी, 25 सितंबर 2026, संपादक विनय कुमार त्रिपाठी सीधी,
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को श्री साईं महाविद्यालय परिसर में पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), मेरा युवा भारत एवं जन अभियान परिषद के संयुक्त तत्वावधान में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पं. दीनदयाल उपाध्याय के जीवन, साहित्य एवं विचारों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महाविद्यालय की संचालिका श्रीमती रचना मिश्रा रहीं। उन्होंने अपने उद्बोधन में छात्र-छात्राओं को पं. दीनदयाल उपाध्याय के कार्यों एवं उनके उल्लेखनीय प्रयासों से अवगत कराया तथा उनके विचारों से प्रेरणा लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मेरा युवा भारत की जिला युवा अधिकारी सुश्री गरिमा जैन ने की। उन्होंने छात्र-छात्राओं को मेरा भारत पोर्टल पर संचालित गतिविधियों, समाज में युवाओं को मिलने वाले प्रोत्साहन तथा शासन की विभिन्न लाभकारी योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य इंजी. पियूष सिंह एवं सामाजिक कार्यकर्ता श्री सुरेंद्र शुक्ला उपस्थित रहे।
दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पण से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत ज्ञान की देवी मां सरस्वती एवं पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर की गई। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत शाल, पुष्पगुच्छ एवं मां तुलसी के पौधे भेंट कर किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक श्रीमती सुमन सिंह, मीनाक्षी चतुर्वेदी, लक्ष्मी शंकर यादव, श्रुति सिंह, मैंसी सिंह, आकांक्षा सिंह, रीता सिंह एवं विवेक सिंह, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी नीलकमल प्रजापति सहित महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन सहायक प्राध्यापक विनय सोनी ने किया। कार्यक्रम के समापन के बाद सभी अतिथियों एवं छात्र-छात्राओं के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई।

