
सीधी 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर सीधी जिले में लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री स्वरोचिष सोमवंशी ने जिला प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मतदाता जागरूकता एवं निष्पक्ष निर्वाचन की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्री शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री बी.पी. पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थितजनों ने लोकतंत्र को मजबूत करने, मताधिकार के महत्व को समझने और निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस प्रत्येक वर्ष 25 जनवरी को मनाया जाता है, किंतु इस वर्ष 25 जनवरी को शासकीय अवकाश होने के कारण सीधी जिले में यह शपथ कार्यक्रम 23 जनवरी को आयोजित किया गया।
कलेक्टर श्री स्वरोचिष सोमवंशी ने अपने संदेश में कहा कि मतदाता लोकतंत्र की सबसे मजबूत कड़ी है और प्रत्येक नागरिक का यह दायित्व है कि वह अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाए। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से अपील की कि वे मतदाता जागरूकता के लिए समाज में सकारात्मक भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और उपस्थित सभी अधिकारियों-कर्मचारियों ने लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
