
सीधी हिंदू हृदय सम्राट, शिवसेना के संस्थापक एवं प्रखर राष्ट्रवादी नेता बालासाहेब ठाकरे की जन्म जयंती के अवसर पर जिले सहित पूरे रीवा संभाग में शिवसेना इकाई सीधी द्वारा श्रद्धा और सम्मान के साथ कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर शिवसेना कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में रीवा संभाग प्रमुख प्रदीप कुमार विश्वकर्मा एवं सीधी शिवसेना जिला अध्यक्ष बेनाम सिंह बघेल ने संयुक्त रूप से बालासाहेब ठाकरे के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि करोड़ों हिंदुओं की चेतना, स्वाभिमान और राष्ट्रवाद की मजबूत आवाज थे।
रीवा संभाग प्रमुख प्रदीप कुमार विश्वकर्मा ने कहा कि बालासाहेब ठाकरे ने जीवन भर हिंदुत्व, राष्ट्र की एकता और सामाजिक न्याय के लिए संघर्ष किया। उनके विचार आज भी हर शिवसैनिक के लिए पथ प्रदर्शक हैं और वर्तमान समय में उनकी निर्भीक सोच की पहले से अधिक आवश्यकता है।
वहीं जिला अध्यक्ष बेनाम सिंह बघेल ने कहा कि शिवसेना कार्यकर्ता बालासाहेब ठाकरे के आदर्शों को घर-घर तक पहुंचाने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय की आवाज बुलंद करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत कर उनके सपनों का भारत बनाने का संकल्प लिया गया है।
कार्यक्रम के अंत में “बालासाहेब ठाकरे अमर रहें” और “जय शिवसेना”जय भवानी जय शिवा जी,के नारों के साथ वातावरण राष्ट्रभक्ति और हिंदुत्व की भावना से गूंज उठा।
