
सीधी। थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सैरपुर (शैरपुर) गांव स्थित विख्यात समरदइन देवी मंदिर में बीती दरम्यानी रात अज्ञात व्यक्ति द्वारा तोड़फोड़ की घटना सामने आई है। मंदिर परिसर में स्थापित भगवान बजरंग बली की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया गया, जिससे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया।
सुबह पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे पुजारी ने जब मंदिर का मुख्य द्वार खोला तो प्रतिमा को क्षतिग्रस्त अवस्था में देखकर स्तब्ध रह गए। पुजारी ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय लोगों और पुलिस प्रशासन को दी। जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस और तहसीलदार मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
नामजद आरोपी हिरासत में,
स्थानीय ग्रामीणों ने घटना को लेकर वीडियो में बताए गए नाम के आधार पर एक व्यक्ति पर आरोप लगाया है और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नामजद आरोपी को हिरासत में ले लिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
दूसरी प्रतिमा स्थापना की तैयारी,
प्रशासन की ओर से मंदिर परिसर में नई प्रतिमा स्थापित कराने का आश्वासन दिया गया है। मौके पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने।
जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी,
घटना की सूचना मिलते ही विवेक पांडेय (शिवसेना प्रदेश उपाध्यक्ष) स्थल पर पहुंचे और दोषी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।
साथ ही भाजपा मंडल अध्यक्ष आशीष तिवारी, मुन्ना गुप्ता, अर्पित मिश्रा, अरविंद परोहा, श्यामस्वरूप मिश्रा तथा स्थानीय सरपंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।
शांति की अपील,
पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और आश्वस्त किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्र में स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है और सभी की निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
