

“जिला ब्यूरो चीफ सीधी ऋचा पांडे की रिपोर्ट”
दीप प्रज्ज्वलन से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ, बच्चों की सरस्वती वंदना और स्वागत गीत ने बांधा समां
सर्वाइकल कैंसर, एचपीवी वैक्सीन और माहवारी जागरूकता पर नुक्कड़ नाटक, समाज की प्रेरणादायी महिलाओं का हुआ सम्मान
सीधी। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सीधी जिले में लिनेस क्लब कामाख्या सीधी द्वारा एक भव्य, प्रेरणादायी और सामाजिक संदेश देने वाला कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला सशक्तिकरण, महिला स्वास्थ्य जागरूकता तथा समाज में महिलाओं की भूमिका को सम्मान देना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने महिला शक्ति को नमन करते हुए कहा कि किसी भी समाज और राष्ट्र के विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. रंजना शुक्ला के संयोजन में बच्चों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना और स्वागत गीत से हुई। बच्चों की सुमधुर प्रस्तुति ने पूरे सभागार को भक्ति और उत्साह से भर दिया तथा कार्यक्रम की गरिमामयी शुरुआत हुई।
कार्यक्रम का संचालन ऋचा सिंह ने प्रभावशाली और सुसंगठित ढंग से किया। इस दौरान वर्षा सिंह, अंजू शर्मा और मीनाक्षी द्विवेदी ने अपने उद्बोधन के माध्यम से मंचासीन अतिथियों का परिचय कराया तथा महिला दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन, पत्रकारिता, सामाजिक सेवा सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दे रही हैं। उन्होंने महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता को समाज के विकास के लिए अत्यंत आवश्यक बताया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण महिला स्वास्थ्य विषयों पर आधारित दो प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक रहे। पहला नुक्कड़ नाटक सर्वाइकल कैंसर जागरूकता पर आधारित था, जिसका लेखन और निर्देशन डॉ. साक्षी पाण्डेय ने किया। इस नाटक में खुशबू अग्रहरि, साक्षी पाण्डेय, रसिका जायसवाल, पुष्पा, ममता प्रतिमा, आरती, उमेश मिश्रा और संदीप कुशवाहा ने अपने प्रभावशाली अभिनय से यह संदेश दिया कि महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना चाहिए और समय-समय पर जांच कराना बेहद जरूरी है। नाटक के माध्यम से बताया गया कि समय पर जांच और जागरूकता से सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव संभव है।
इसके अतिरिक्त माहवारी जागरूकता विषय पर भी एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया, जिसमें समाज में प्रचलित भ्रांतियों और संकोच को दूर करने का प्रयास किया गया। इस नाटक में अंजू शर्मा, वर्षा सिंह, रश्मि सोनी, उर्मिला गुप्ता, सोनम सिंह, तारा तिवारी, डॉ. रूचि खरे, अंजू सिंह, विनीता मिश्रा, नीलम अंसारी, आराधना सिंह, रेणु सिंह, मीनाक्षी द्विवेदी और रेखा स्वरूप ने अपनी सशक्त प्रस्तुति से यह संदेश दिया कि माहवारी एक प्राकृतिक प्रक्रिया है और इसके प्रति समाज में जागरूकता और सकारात्मक सोच आवश्यक है। कलाकारों की प्रस्तुति ने दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया।
कार्यक्रम में भारत सरकार के 100 दिवसीय एचपीवी वैक्सीन अभियान की जानकारी भी दी गई। डॉ. बबीता खरे (सीएमओ) ने बताया कि यह अभियान बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि 14 वर्ष तक की बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन निःशुल्क लगाई जाएगी, जिससे भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव संभव होगा। उन्होंने अभिभावकों से अपनी बेटियों को इस वैक्सीन के प्रति जागरूक करने की अपील की।
इस अवसर पर लिनेस क्लब कामाख्या सीधी की नई कार्यसमिति के गठन की घोषणा भी की गई। नई कार्यसमिति में डॉ. सुनीता तिवारी को अध्यक्ष बनाया गया। अपने संबोधन में उन्होंने महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक भागीदारी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महिलाओं का सशक्त होना समाज के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।
नई कार्यसमिति में ऋचा सिंह और अंजू शर्मा को उपाध्यक्ष, शर्मिला सिंह को सचिव, नीलम अंसारी को संयुक्त सचिव, रचना राजे सिंह को कोषाध्यक्ष तथा रीतु सिंह को संयुक्त कोषाध्यक्ष बनाया गया। टीम में रश्मि सोनी और भावना भसीन को भी शामिल किया गया। इसके अलावा बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में डॉ. रंजना शुक्ला, डॉ. बबीता खरे, पूनम तिवारी, पूनम द्विवेदी, नीतू केशरवानी, कोमल आहूजा, सपना सिंह, प्रीति सिंह, गीतिका कटारे, उर्मिला गुप्ता और नीतू गुप्ता को जिम्मेदारी सौंपी गई। माइक्रो चेयरपर्सन के रूप में वर्षा सिंह, सोनम सिंह, मीनाक्षी द्विवेदी और अलोकुति द्विवेदी को दायित्व दिया गया तथा रेखा स्वर्णकार को चेयरपर्सन बनाया गया। क्लब में नए सदस्यों के रूप में हीर कमदार, स्मृति दुबे, गीतिका कटारे, रीनू शुक्ला, अपर्णा तिवारी और डॉ. दिव्या सिंह का स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया गया। युवा महिला पत्रकार ऋचा पाण्डेय को पत्रकारिता के माध्यम से सामाजिक मुद्दों को उठाने और महिला जागरूकता से जुड़े विषयों पर सक्रिय भूमिका निभाने के लिए सम्मानित किया गया। किरण कली घासी को समाज सेवा और वंचित वर्ग की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों के लिए सम्मानित किया गया। गुलाबक कली सिंह को सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए, मंजू सिंह को महिलाओं को संगठित कर सकारात्मक पहल करने के लिए, निकिता सिंह को युवा वर्ग में जागरूकता फैलाने के लिए तथा कौशल्या भारती को लंबे समय से समाज सेवा और महिला उत्थान के क्षेत्र में योगदान देने के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं के योगदान को सम्मान देने और समाज में समान अवसर सुनिश्चित करने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं शिक्षित, जागरूक और आत्मनिर्भर होंगी तभी समाज और राष्ट्र का समग्र विकास संभव होगा।
अंत में लिनेस क्लब कामाख्या सीधी की सचिव शर्मिला सिंह ने सभी अतिथियों, कलाकारों, सम्मानित महिलाओं और कार्यक्रम में उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से कार्यक्रम में सहयोग देने वाले सदस्यों आराधना सिंह, नम्रता सिंह, विभा सिंह, सावित्री मिश्रा, मीना सिंह, पूनम सोनी, ज्योति चौबे, रजनीश पटेल, ऋतिका पाण्डेय, अंकिता मिश्रा और वर्षा गौतम सहित सभी उपस्थित जनों को धन्यवाद देते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी के योगदान की सराहना की।
