
सीधी। जिले में सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही “कंटेनर से बच्चों के अपहरण” की खबर पूरी तरह भ्रामक और निराधार निकली है। पुलिस जांच में स्पष्ट हुआ है कि ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया है।
पुलिस के अनुसार 09 मार्च 2026 को ग्राम बढ़ौरा, थाना कोतवाली सेमरिया क्षेत्र में नेशनल हाईवे-39 पर ग्रामीणों द्वारा एक कंटेनर को रोकने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को देखते हुए कंटेनर क्रमांक UP 78 JN 5957 तथा उसमें सवार दो व्यक्तियों हरपाल सिंह और रविन्दर सिंह (निवासी जम्मू) को सुरक्षात्मक रूप से थाने ले आई।
कंटेनर की तलाशी में क्या मिला,
पुलिस द्वारा कंटेनर की सघन तलाशी ली गई, जिसमें ऑर्गेनिक फर्टिलाइजर (जैविक खाद) के 368 डिब्बे लोड पाए गए। यह खेप पठानकोट (पंजाब) से रांची (झारखंड) ले जाई जा रही थी।
जांच के दौरान वाहन में कोई भी बच्चा नहीं मिला।
बच्चों को पैसे देने से फैली गलतफहमी,
पूछताछ में चालक हरपाल सिंह ने बताया कि उसकी बेटी तनमीत कौर का जन्मदिन 7 मार्च को था। उसी खुशी में उसने स्कूल से लौट रहे 10-12 बच्चों को टॉफी खाने के लिए 100 रुपये देने की कोशिश की थी।
बच्चों द्वारा पैसे लेने से मना करने और वहां से चले जाने के बाद स्थानीय लोगों में शक पैदा हुआ और भीड़ इकट्ठा हो गई, जिससे अफवाह फैल गई।
पुलिस ने परिजनों से की पुष्टि,
पुलिस ने चालक के परिजनों से संपर्क कर जानकारी की पुष्टि की, जिसमें बच्ची का जन्मदिन होने की बात सही पाई गई। वाहन मालिक ने भी बताया कि उनका ट्रक नियमित रूप से इसी मार्ग से खाद लेकर झारखंड जाता है।
पुलिस की अपील,
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि बच्चा चोरी जैसी अफवाहों पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे भ्रामक वीडियो या संदेशों पर विश्वास न करें।
यदि किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, कानून हाथ में लेकर किसी के साथ मारपीट या दुर्व्यवहार न करें।
