
सीधी जिले के जमोड़ी थाना परिसर में आगामी परशुराम जयंती को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में थाना प्रभारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं विभिन्न संगठनों के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में त्योहार को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाने पर जोर दिया।
प्रशासन की ओर से आमजन से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी साझा करने से बचें। साथ ही जुलूस एवं अन्य आयोजनों के दौरान शासन द्वारा निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।
थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें। उन्होंने आश्वस्त किया कि पर्व के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
बैठक में मेजर सिंह, महेंद्र सिंह, ओमकार सिंह (पार्षद), अजीत सिंह, बृजेश पाण्डेय (पत्रकार), कौशल प्रसाद वर्मा (उपसरपंच) सहित जमोड़ी सेंगरान एवं थाना स्टाफ उपस्थित रहा।
