

प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सीधी जिले के सिहावल विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बहरी में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेशवासियों को कई बड़ी सौगातें दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जयंती 12 जनवरी से 31 मार्च तक पूरे मध्यप्रदेश में “जनकल्याण अभियान” चलाया जाएगा।
इस अभियान के अंतर्गत शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर शासन की विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों से आवेदन भरवाकर उन्हें योजनाओं का सीधा लाभ दिलाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीधी जिला टाइगर रिजर्व और पर्यटन की अपार संभावनाओं से भरपूर है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई जा रही है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि भोपाल से सिंगरौली तक विंध्य एक्सप्रेस-वे का निर्माण किया जाएगा, जिससे सीधी जिले को सीधा लाभ मिलेगा।
किसानों और महिलाओं के लिए बड़ी घोषणाएं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों को किसान सम्मान निधि के तहत हर साल 12 हजार रुपये दे रही है। वहीं लाड़ली बहना योजना के तहत पात्र महिलाओं को सालाना 18 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा—
“भाई तो बहन को केवल राखी में उपहार देता है, लेकिन हमारी सरकार हर महीने बहनों को 1500 रुपये दे रही है।”
उन्होंने यह भी घोषणा की कि अब लाड़ली बहना हितग्राहियों को उद्योगों और रोजगार से जोड़ा जाएगा, जिससे बहनों को हर महीने कम से कम 5 हजार रुपये की आय सुनिश्चित हो सके।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक लाड़ली बहना योजना के तहत 50 हजार करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं।
किसानों को बोनस और सिंचाई की बड़ी सुविधा
मुख्यमंत्री ने कहा कि नदी जोड़ो परियोजना के माध्यम से लगभग 10 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि कोदो-कुटकी एवं अन्य श्रीअन्न की समर्थन मूल्य पर खरीदी के साथ किसानों को बोनस दिया जाएगा, साथ ही गेहूं उपार्जन पर भी किसानों को बोनस मिलेगा।
हर विधानसभा में स्टेडियम और हेलीपैड
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में स्टेडियम और हेलीपैड का निर्माण कराया जाएगा, जिससे खेल प्रतिभाओं और आपात सेवाओं को मजबूती मिलेगी।
एयर एम्बुलेंस और सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए राहत,
मुख्यमंत्री ने कहा कि एयर एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से गरीब मरीजों को बड़े अस्पतालों तक नि:शुल्क हेलीकॉप्टर व हवाई जहाज से पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटना पीड़ितों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को राहवीर योजना के तहत 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है।
प्रधानमंत्री की पहल पर दुर्घटना पीड़ितों को 1.5 लाख रुपये तक का नि:शुल्क इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है।
हितग्राहियों को हितलाभ वितरण
जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को हितलाभ का वितरण भी किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, महिलाएं, जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
