

सीधी।, राष्ट्रीय युवा दिवस एवं स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर ज्ञान महाविद्यालय, सीधी में सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन एवं आत्मअनुशासन की भावना को विकसित करना रहा।
महाविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने प्रशिक्षकों के निर्देशन में सूर्य नमस्कार के विभिन्न आसनों का अभ्यास किया। इस अवसर पर योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए वक्ताओं ने कहा कि नियमित योग एवं व्यायाम से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि मानसिक एकाग्रता भी बढ़ती है।
कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद के विचारों को स्मरण करते हुए युवाओं से उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि युवा देश की रीढ़ हैं और अनुशासन व स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर ही राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को नशामुक्ति, सकारात्मक सोच एवं लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्ध रहने का संदेश दिया गया। आयोजन में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
