
सीधी जिले में चर्चित ‘कालिख कांड’ प्रकरण को लेकर एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है। सिविल सर्जन डॉ. एसबी खरे के ऊपर कालिख पोते जाने के मामले में विवेक पांडे सहित अन्य शिवसैनिकों की जमानत मंजूर होने के बाद शिवसेना का प्रदेश नेतृत्व सीधी पहुंचने वाला है।
शीर्ष नेतृत्व करेगा दौरा,
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष सुनील शर्मा, प्रदेश संगठन प्रमुख चरित्र शर्मा, आईटी सेल एवं कार्यकारी अध्यक्ष नाहर सिंह तथा युवा सेना मध्यप्रदेश प्रमुख प्रभात पूरानिया सीधी जिला मुख्यालय पहुंचकर कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे और आगे की रणनीति पर चर्चा करेंगे।
रिहाई के बाद उत्साह, स्वागत की तैयारी,
जमानत के बाद संगठन में उत्साह का माहौल है। जिला इकाई द्वारा भव्य स्वागत कार्यक्रम की तैयारी की जा रही है। शिवसैनिकों ने इसे “सत्य की जीत” करार देते हुए कहा है कि वे लोकतांत्रिक तरीके से जनहित के मुद्दों को उठाते रहेंगे।
‘कालिख कांड’ क्या है?
बीते दिनों सीधी में डॉ. एसबी खरे से जुड़े इस प्रकरण को लेकर राजनीतिक तनाव की स्थिति बनी थी। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई शिवसैनिकों को हिरासत में लिया था। अब जमानत मिलने के बाद पार्टी नेतृत्व इसे जनसम्मान और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा मुद्दा बताते हुए प्रदेश स्तर पर उठाने की तैयारी में है।
संगठनात्मक रणनीति पर मंथन,
प्रदेश नेतृत्व के आगमन पर जिला स्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें संगठन विस्तार, आगामी आंदोलन की रूपरेखा और जनहित के मुद्दों पर चर्चा होगी। युवा सेना और आईटी सेल को विशेष जिम्मेदारियां दिए जाने की संभावना जताई जा रही है।
प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल,
शिवसेना नेताओं ने संकेत दिए हैं कि वे प्रशासनिक कार्रवाई की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग कर सकते हैं। साथ ही कार्यकर्ताओं के सम्मान और सुरक्षा को लेकर भी ठोस रणनीति बनाई जाएगी।
सीधी जिले में इस प्रस्तावित दौरे को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। अब देखना होगा कि प्रदेश नेतृत्व की मौजूदगी से संगठन को कितनी मजबूती मिलती है और ‘कालिख कांड’ का मुद्दा आगे किस दिशा में बढ़ता है।
यह जानकारी सीधी जिले के शिवसेना जिला अध्यक्ष बेनाम सिंह द्वारा दी गई है, कार्यक्रम का आगामी तारीख का अभी फिक्स नहीं हुआ है।
