सीधी जिले में नशे के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान ‘अभियान प्रहार 2.0’ के तहत थाना सेमरिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को 251 शीशी प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अवैध खेप को अपने खेत की मेड़ में झाड़ियों और जमीन के अंदर छिपाकर रखा था।
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत और पुलिस उप महानिरीक्षक रीवा क्षेत्र हेमंत चौहान के निर्देशन में की गई। पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं एसडीओपी चुरहट रवि प्रकाश कौल के नेतृत्व में टीम ने दबिश देकर सफलता हासिल की।
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम बढ़ौरा बनिया डोल निवासी जगदीश उर्फ बेबी भुजवा (45 वर्ष) नशीली कफ सिरप का अवैध भंडारण कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने कबूल किया कि खेप को खेत की मेड़ में गुलमेहदा की झाड़ियों के बीच और जमीन में गाड़कर छिपाया गया था।
बरामदगी,
तलाशी के दौरान 15-15 लीटर के दो बंद डिब्बों और झाड़ियों में छिपाकर रखी गई कुल 251 शीशी ‘आनरेक्स’ नशीली कफ सिरप बरामद की गई।
कफ सिरप कीमत: ₹1,25,500
हीरो HF डीलक्स मोटरसाइकिल: 01
कीपैड मोबाइल: 01
कुल जप्त संपत्ति: लगभग ₹1,56,000
कानूनी कार्रवाई,
आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 21, 22, 29 एवं ड्रग्स कंट्रोल अधिनियम की धारा 5/13 के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
सराहनीय भूमिका,
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सेमरिया उप निरीक्षक केदार परौहा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सीधी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे के खिलाफ इस मुहिम में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

