
स्विट्जरलैंड के मशहूर अल्पाइन स्की रिसॉर्ट क्रान्स मोंटाना में नए साल का जश्न एक भीषण त्रासदी में बदल गया. यहां स्थित ले कॉन्स्टिलेशन नाम के बार में लगी आग में अब तक 47 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 100 से ज्यादा लोग घायल हैं. कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है. यह हादसा स्विट्जरलैंड के शांति काल के सबसे घातक अग्निकांडों में से एक माना जा रहा है. यह आग 1 जनवरी की रात करीब 1.30 बजे लगी, जब सैकड़ों लोग नए साल का जश्न मना रहे थे. चश्मदीदों के मुताबिक कुछ ही सेकंड में हालात बेकाबू हो गए और पूरा हॉल आग और धुएं से भर गया. पुलिस और अभियोजन अधिकारियों का कहना है कि आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला. आग के सटीक कारणों की जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन इसे लेकर अब कई तरह के अनुमान लगाए जा रहे हैं. फ्लैशओवर से आग का अनुमान लगाया जा रहा है.
फ्लैशओवर क्या होता है?
वालैस कैंटन की अटॉर्नी जनरल बीट्राइस पिलौड ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जांच का मुख्य फोकस एक खतरनाक प्रक्रिया फ्लैशओवर पर है. फ्लैशओवर एक स्थिति होती है जब किसी बंद जगह में छत के पास गर्म गैसें जमा हो जाती हैं. तापमान अचानक इतना बढ़ जाता है कि कमरे में मौजूद हर ज्वलनशील चीज एक साथ आग पकड़ लेती है. अमेरिका की नेशनल फायर प्रोटेक्शन एसोसिएशन के मुताबिक फ्लैशओवर के बाद आग को नियंत्रित करना लगभग नामुमकिन हो जाता है. फायर सेफ्टी रिसर्च इंस्टीट्यूट के निदेशक स्टीव केरबर के शब्दों में कहें तो फ्लैशओवर वह पल होता है जब कमरे में रखी चीजें नहीं बल्कि पूरा कमरा ही आग बन जाता है
