
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी सीधी द्वारा आज जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री ज्ञान सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की पत्रकारों के प्रति की गई असंवेदनशील टिप्पणियों का कड़ा विरोध किया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा के मंत्री और सत्ता पक्ष के लोग बार-बार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पत्रकारिता पर आपत्तिजनक और असहनीय टिप्पणियाँ कर रहे हैं, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
इसी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सीधी सांसद एवं विधायक आवास के सामने घण्टा बजाकर विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान भाजपा सरकार और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि पत्रकारों का अपमान और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर हमले बंद नहीं हुए, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
