
सीधी। जिले में लगातार बढ़ती कड़ाके की ठंड और शीतलहर के गंभीर प्रभाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए बड़ा निर्णय लिया है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी सीधी द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले में संचालित समस्त शासकीय, अशासकीय, सीबीएसई, आईसीएसई एवं माध्यमिक शिक्षा मंडल से संबद्ध विद्यालयों में नर्सरी से कक्षा आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए 6 जनवरी से 8 जनवरी 2026 तक अवकाश घोषित किया गया है।
जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी हुई है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि विद्यार्थियों को ठंड से होने वाली बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सके।
हालांकि अवकाश केवल विद्यार्थियों के लिए रहेगा। आदेश में यह भी कहा गया है कि अवकाश अवधि के दौरान सभी शिक्षक एवं विद्यालयीन कर्मचारी नियमित रूप से अपने-अपने विद्यालयों में उपस्थित रहेंगे और निर्धारित शासकीय एवं प्रशासनिक कार्यों का संपादन करेंगे।
वहीं, परीक्षाएं एवं अन्य महत्वपूर्ण शैक्षणिक गतिविधियां पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित होती रहेंगी। इस संबंध में विद्यालय प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। आदेश की प्रतिलिपि आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल, संयुक्त संचालक लोक शिक्षण रीवा संभाग, जिला शिक्षा अधिकारी सीधी, जिला पंचायत सीधी सहित संबंधित अधिकारियों एवं जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों को सूचनाार्थ प्रेषित कर दी गई है।
जिला प्रशासन के इस निर्णय से अभिभावकों ने राहत की सांस ली है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है, ऐसे में आगे भी स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक निर्णय लिए जा सकते हैं।