
सीधी | कमर्जी थाना क्षेत्र | 10 मई 2026
सीधी जिले के कमर्जी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम उकरहा में पुरानी रंजिश ने शनिवार रात खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब किराना दुकान बंद कर रहे एक व्यक्ति और उनकी पत्नी पर कथित रूप से सब्बल, टांगी और डंडों से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें डायल 112 की मदद से जिला अस्पताल सीधी में भर्ती कराया गया। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।
पुलिस ने मामले में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दुकान बंद करते समय हुआ हमला,
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम उकरहा निवासी अर्चना भुजवा ने कमर्जी थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि 09 मई 2026 की रात लगभग 8 से 9 बजे के बीच उनके पिता उग्रसेन भुजवा अपनी किराना दुकान का शटर बंद कर रहे थे। इसी दौरान गांव के श्यामबहादुर पटेल, बसंती पटेल, विकाश पटेल और आशीष पटेल अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचे और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू कर दिया।
रिपोर्ट के मुताबिक आरोपियों ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। जब उग्रसेन भुजवा ने इसका विरोध किया तो मामला अचानक हिंसक हो गया।
आंख पर सब्बल से वार, लहूलुहान हुए उग्रसेन,
बताया गया कि आरोपी श्यामबहादुर पटेल ने हाथ में लिए सब्बल से उग्रसेन भुजवा की दाहिनी आंख के पास जोरदार हमला कर दिया। वार इतना गंभीर था कि वे मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े और चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमले के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए।
पति को बचाने पहुंची महिला पर भी टांगी से हमला,
घटना के दौरान जब उग्रसेन भुजवा की पत्नी रामरती भुजवा बीच-बचाव करने पहुंचीं तो उन पर भी हमला कर दिया गया। आरोप है कि बसंती पटेल ने टांगी से उनके सिर पर वार किया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा।
इसके बाद विकाश पटेल और आशीष पटेल ने डंडों से दोनों पति-पत्नी के साथ मारपीट की। हमले में दोनों को शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं,
गांव वालों ने कराया बचाव,
हल्ला-गोहारी सुनकर अर्चना भुजवा, संगीता भुजवा, गुड्डू भुजवा सहित कई ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कराया। परिजनों का आरोप है कि जाते समय आरोपी खुलेआम जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
घटना के बाद गांव में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।
डायल 112 की मदद से अस्पताल पहुंचाए गए घायल,
घटना की सूचना तुरंत डायल 112 को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल दंपत्ति को उपचार के लिए जिला अस्पताल सीधी भेजा गया।
डॉक्टरों के अनुसार उग्रसेन भुजवा की आंख, हाथ की कलाई, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें हैं। वहीं रामरती भुजवा के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोट आई है। दोनों का इलाज जारी है।,
चार आरोपियों पर दर्ज हुआ मामला,
कमर्जी थाना पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 0140/2026 दर्ज किया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 296, 115(2), 351(3), 118(1) और 3(5) के तहत प्रकरण कायम किया है।
नामजद आरोपी
श्यामबहादुर पटेल
बसंती पटेल
विकाश पटेल
आशीष पटेल
सभी निवासी ग्राम उकरहा, थाना कमर्जी, जिला सीधी बताए गए हैं,
पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश,
मामले की जांच कार्यवाहक प्रधान आरक्षक दयानंद कोल को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा आरोपियों की तलाश जारी है।
गांव में तनाव, पुलिस सतर्क,
घटना के बाद ग्राम उकरहा में तनाव की स्थिति बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था, जो अब हिंसक झड़प में बदल गया।
स्थिति को देखते हुए पुलिस गांव की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है ताकि दोबारा कोई अप्रिय घटना न हो।
