
दोषियों पर कड़ी कार्रवाई, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और NTA भंग करने की मांग,
सीधी | 13 मई 2026 | जिला ब्यूरो प्रमुख सीधी विनय कुमार त्रिपाठी की विशेष रिपोर्ट
देशभर में सामने आए NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले को लेकर आम आदमी पार्टी ने छात्रों के भविष्य के साथ हुए कथित खिलवाड़ के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। आम आदमी पार्टी जिला इकाई सीधी द्वारा राष्ट्रपति महोदया के नाम ज्ञापन सौंपते हुए दोषियों पर कठोर कार्रवाई, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे तथा नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) को तत्काल भंग करने की मांग उठाई गई।
पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि यह केवल एक परीक्षा का पेपर लीक नहीं है, बल्कि देश के करोड़ों छात्रों की मेहनत, सपनों और भविष्य के साथ सीधा विश्वासघात है। लगातार सामने आ रहे परीक्षा घोटाले यह दर्शाते हैं कि केंद्र सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने में पूरी तरह विफल रही है।
जिलाध्यक्ष विवेक सिंह बघेल ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना,
आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष विवेक सिंह बघेल ने कहा कि देश का युवा दिन-रात कठिन मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता है, लेकिन भ्रष्ट व्यवस्था और पेपर माफियाओं के गठजोड़ ने युवाओं का भरोसा तोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पेपर माफियाओं के सामने घुटने टेक चुकी है और NEET-UG 2026 घोटाले ने करोड़ों छात्रों की उम्मीदों को झकझोर दिया है।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी छात्रों के अधिकारों की लड़ाई सड़क से सदन तक मजबूती से लड़ेगी और दोषियों को सजा दिलाने तक आंदोलन जारी रहेगा।
NTA को तत्काल भंग करने की उठी मांग
प्रदेश सचिव आनंद मंगल सिंह चौहान ने कहा कि जब परीक्षा कराने वाली एजेंसियां ही भ्रष्टाचार और लापरवाही का केंद्र बन जाएं, तब युवाओं का भविष्य सुरक्षित नहीं रह सकता। उन्होंने कहा कि NTA लगातार विफल साबित हुई है, इसलिए इसे तत्काल भंग कर नई और पारदर्शी व्यवस्था लागू की जानी चाहिए।
उन्होंने मांग की कि पूरे मामले में शामिल दोषियों पर NSA जैसी कठोर धाराओं के तहत कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
“युवाओं के सपनों के साथ सीधा विश्वासघात”
पार्टी नेता राम चरण सोनी ने कहा कि आज देश का छात्र मानसिक तनाव और असुरक्षा के माहौल में जी रहा है। लाखों परिवार अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए कर्ज तक ले रहे हैं, जबकि दूसरी ओर पेपर माफिया पैसे के दम पर मेहनत का सौदा कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह युवाओं के सपनों के साथ सीधा विश्वासघात है और आम आदमी पार्टी इस अन्याय के खिलाफ निर्णायक आंदोलन करेगी।
राष्ट्रपति महोदया के नाम सौंपा ज्ञापन
पार्टी नेताओं ने राष्ट्रपति महोदया से मांग की कि पूरे मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में सीबीआई जांच कराई जाए, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल बर्खास्त किया जाए तथा छात्रों के हित में निष्पक्ष पुनः परीक्षा आयोजित कराई जाए।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने
“युवा विरोधी भाजपा सरकार मुर्दाबाद”,
“पेपर माफियाओं पर कार्रवाई करो”
और
“छात्रों को न्याय दो”
जैसे नारों के साथ विरोध प्रदर्शन किया।
ज्ञापन के माध्यम से रखी गई प्रमुख मांगें
केंद्रीय शिक्षा मंत्री का इस्तीफा
सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में CBI जांच
NTA को तत्काल भंग किया जाए
पेपर माफियाओं पर NSA के तहत कार्रवाई
बिना शुल्क निष्पक्ष पुनः परीक्षा आयोजित हो
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे उपस्थित,
विरोध प्रदर्शन एवं ज्ञापन कार्यक्रम के दौरान यूथ विंग जिलाध्यक्ष अमरेश पटेल, एस.सी. विंग जिलाध्यक्ष राम पाल बंसल, जिला उपाध्यक्ष विशेश्वर नाथ पाण्डेय, प्रज्ञा सिंह, जयराम सिंह, जिला कोषाध्यक्ष लक्ष्मी कांत नामदेव, जिला लीगल एडवाइजर एडवोकेट संजय गुप्ता, सोशल मीडिया कॉर्डिनेटर दयानंद पाठक, अंजू विश्वकर्मा, संतोष विश्वकर्मा, अल्पसंख्यक विंग जिला उपाध्यक्ष सफीक मंसूरी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सादर प्रकाशनार्थ
विवेक सिंह बघेल
जिलाध्यक्ष, आम आदमी पार्टी
जिला सीधी (मध्य प्रदेश)
मो. 9589546478
