
सीधी। जिले की सिहावल विधानसभा अंतर्गत ग्राम अतरैला के पास गुरुवार रात लगभग 10:40 बजे आवारा पशुओं के कारण एक सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार सड़क पर बड़ी संख्या में बैठे आवारा पशुओं को बचाने के प्रयास में मोटरसाइकिल सवार तीन लोग अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गए।
घटना की सूचना ग्रामीणों ने तत्काल संजीवनी 108 और डायल 112 को दी। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस के डॉक्टर शिव शंकर एवं पायलट सत्येंद्र कुमार शुक्ला, साथ ही डायल 112 (वाहन क्रमांक CG 04 NW 2545) की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिहावल पहुंचाया गया।
दो घायल भर्ती, एक को मामूली चोट
घायलों में शिवदयाल नाई (पिता – रामलखन) को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं रवि पटेल (पिता – अमित पटेल), निवासी ग्राम देवगांव, के चेहरे और पैर में चोटें आईं। एक अन्य घायल को हल्की चोटें आने की जानकारी है। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को अस्पताल में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है।
आवारा पशु बने जानलेवा
स्थानीय लोगों का कहना है कि अमिलिया से सिहावल मार्ग पर बड़ी संख्या में आवारा पशु दिन-रात सड़क पर बैठे रहते हैं। इसके कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि इस मार्ग की सड़क पहले से ही जर्जर है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका और बढ़ जाती है।
जनता की मांग
सड़क से आवारा पशुओं को हटाने की प्रभावी व्यवस्था की जाए।
अमिलिया–सिहावल मार्ग की शीघ्र मरम्मत कराई जाए।
दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में चेतावनी संकेत और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जाए।
संबंधित विभाग स्थायी समाधान सुनिश्चित करे ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
