
सीधी। जिले के रामपुर नैकिन नगर क्षेत्र में बुधवार देर रात हुई तेज बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। लगातार हुई बारिश के चलते नगर की कई सड़कें जलमग्न हो गईं और पानी घरों एवं दुकानों में घुस गया। स्थानीय जानकारी के अनुसार 100 से अधिक घरों और 30 से ज्यादा दुकानों में पानी भरने से लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
बारिश का असर इतना अधिक रहा कि कई प्रमुख मार्गों पर सड़कें नदी की तरह नजर आने लगीं। जलभराव के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर पानी का तेज बहाव होने के चलते लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचने के लिए रस्सी और लकड़ियों का सहारा लेते हुए देखा गया।
अस्पताल चौराहा से पुराने बाजार तक यातायात प्रभावित
गुरुवार सुबह करीब 6 बजे बारिश थमने के बाद पानी धीरे-धीरे उतरना शुरू हुआ, लेकिन कई स्थानों पर सड़कों पर पानी का तेज बहाव बना रहा। अस्पताल चौराहा, हनुमान मंदिर चौराहा और पुराना बाजार सहित प्रमुख मार्गों पर जलभराव के कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा।
जलभराव के कारण दुकानदारों और रहवासियों की मुश्किलें बढ़ गईं। घरों और दुकानों में पानी घुसने से खाद्य सामग्री, अनाज, कपड़े और अन्य सामान खराब होने की जानकारी सामने आई है। दुकानदारों ने लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान जताया है।
दुकानदार ने बताया—पूरी दुकान में भर गया पानी
रामपुर नैकिन के मामा भांजा गारमेंट्स के संचालक पंकज गुप्ता के अनुसार उनकी पूरी दुकान में पानी भर गया। पानी घुसने से बड़ी मात्रा में कपड़े खराब हो गए और उन्हें लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा।
उन्होंने जलभराव के लिए संकरी नालियों और पानी की उचित निकासी व्यवस्था नहीं होने को प्रमुख कारण बताया। उनका कहना है कि यदि बारिश के पानी की निकासी के लिए पर्याप्त व्यवस्था होती तो ऐसी स्थिति से काफी हद तक बचा जा सकता था।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा—तेज बारिश से बनी स्थिति
नगर पंचायत अध्यक्ष रामकुमार साहू ने बताया कि नगर क्षेत्र में नदियों और नालों की साफ-सफाई पहले कराई गई थी, लेकिन अत्यधिक तेज बारिश के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई।
उन्होंने कहा कि वे स्वयं मौके का जायजा ले रहे हैं। सीएमओ सहित अन्य अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद रहे और जलनिकासी के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि प्रभावित लोगों को जल्द राहत मिल सके।
बारिश थमने के बाद प्रशासन और नगर पंचायत की टीम जलनिकासी के कार्य में जुटी रही। लोगों को राहत पहुंचाने तथा जलभराव वाले स्थानों से पानी निकालने के प्रयास किए गए।
स्थायी जलनिकासी व्यवस्था की उठी मांग
रामपुर नैकिन में बारिश के बाद पैदा हुई स्थिति ने नगर की जलनिकासी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के दौरान जलभराव की समस्या सामने आती है, लेकिन इसका स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
लोगों ने मांग की है कि नगर की नालियों की चौड़ाई बढ़ाई जाए, जलनिकासी के लिए पर्याप्त व्यवस्था की जाए और ऐसे स्थानों को चिन्हित किया जाए जहां बारिश का पानी जमा होता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सिर्फ बारिश के बाद पानी निकालने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए नगर में व्यापक स्तर पर जलनिकासी व्यवस्था का सर्वे कराकर स्थायी समाधान किया जाना जरूरी है।
बारिश ने खोली व्यवस्था की पोल?
रामपुर नैकिन में भारी बारिश के बाद जिस तरह सड़कें जलमग्न हुईं और घर-दुकानों में पानी घुसा, उसने नगर की जलनिकासी व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल प्रशासन और नगर पंचायत की टीम राहत एवं जलनिकासी के कार्य में जुटी है, लेकिन अब देखना होगा कि बारिश के बाद जलभराव की इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।
तलाश न्यूज समाचार| सीधी
