
आरटीओ इंस्पेक्टर की हत्या करने के बाद फांसी के फंदे पर झूला युवक, सीधी से भोपाल तक मामले को लेकर चर्चाएं; घटना के कारणों को लेकर पुलिस जांच जारी
सीधी। सीधी जिले से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला भोपाल में सामने आया है। जिले के बहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत भनवारी गांव निवासी एक युवक ने भोपाल में आरटीओ विभाग की महिला इंस्पेक्टर की हत्या के बाद कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे मामले को लेकर सीधी सहित भोपाल में भी तरह-तरह की चर्चाएं और अटकलें सामने आ रही हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भनवारी निवासी युवक इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने के बाद भोपाल में एक कंपनी में काम कर रहा था। इसी दौरान उसकी पहचान आरटीओ विभाग की महिला इंस्पेक्टर मीना/मीनाक्षी से होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि महिला इंस्पेक्टर की हत्या के बाद युवक ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
रिश्ते को लेकर सामने आ रही अलग-अलग बातें
मामले को लेकर सामने आई जानकारी के मुताबिक युवक का नाम पवन द्विवेदी बताया जा रहा है। बताया गया कि पवन का महिला इंस्पेक्टर से किसी तरह का संबंध था। हालांकि दोनों के बीच संबंधों और हत्या के वास्तविक कारणों को लेकर अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है।
समाचार में प्रकाशित जानकारी के अनुसार महिला इंस्पेक्टर की शादी पहले पवन द्विवेदी निवासी भनवारी के साथ होने की बात कही जा रही थी। वहीं भोपाल पुलिस की ओर से सामने आई जानकारी के मुताबिक महिला की शादी किसी अन्य व्यक्ति से हो गई थी और उसकी तीन साल की बेटी भी थी। इस बीच उसके पति से करीब दो साल पहले तलाक होने की बात भी सामने आई है।
600 किलोमीटर दूर जाकर प्रेमिका के घर पहुंचने की चर्चा
सोशल मीडिया पर सामने आ रही जानकारी के अनुसार पवन रविवार की शाम सीधी से करीब 600 किलोमीटर दूर भोपाल गया था और कथित तौर पर महिला के घर पहुंचा था। इसके बाद रविवार रात महिला इंस्पेक्टर की हत्या की घटना सामने आई। घटना के बाद पवन ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी पूरी सच्चाई
घटना के बाद मामले को लेकर कई तरह की बातें सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से सामने आ रही हैं। हालांकि इन चर्चाओं की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है। हत्या के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी और युवक ने आत्महत्या क्यों की, इसका स्पष्ट खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
परिजन शव लेने भोपाल पहुंचे
घटना की जानकारी मिलने के बाद पवन के भाई विनय द्विवेदी सहित अन्य परिजन भोपाल पहुंचे। परिजनों के मुताबिक पवन की शादी नहीं हुई थी। वह भोपाल में पढ़ाई के बाद नौकरी कर रहा था और इससे पहले भी अन्य स्थानों पर नौकरी कर चुका था। परिवार के लोगों ने घटना को लेकर अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि उन्हें इस तरह की वारदात की कोई जानकारी नहीं थी।
