
सीधी |( बहरी/कुसमी)मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की संवेदनशील सोच और त्वरित निर्णय का एक प्रेरणादायक उदाहरण सीधी जिले में देखने को मिला है। वनांचल क्षेत्र की एक प्रतिभाशाली आदिवासी बिटिया के सपनों को साकार करने की दिशा में राज्य सरकार ने ठोस कदम उठाया है।
सीधी प्रवास के दौरान बहरी में आयोजित कार्यक्रम में कुसमी विकासखंड के ग्राम देउमठ निवासी बिटिया अनामिका बैगा ने मुख्यमंत्री से मेडिकल की पढ़ाई के लिए सहयोग का अनुरोध किया था। मुख्यमंत्री ने बिटिया की बात को गंभीरता से सुनते हुए तत्काल संज्ञान लिया और उसे हरसंभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।
NEET की तैयारी कर रही है अनामिका,
बिटिया अनामिका बैगा वर्तमान में NEET परीक्षा की तैयारी कर रही हैं। सीमित संसाधनों और आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद उनका सपना डॉक्टर बनने का है। अनामिका ने मुख्यमंत्री को बताया कि मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए उन्हें कोचिंग, छात्रावास और अध्ययन सामग्री की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिटिया की आवश्यकताओं के अनुरूप तत्काल और प्रभावी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में अनामिका का मेडिकल कॉलेज में चयन होने पर राज्य सरकार उसकी पढ़ाई में भी हरसंभव सहयोग करेगी।
मुख्यमंत्री का विश्वास: प्रदेश का नाम रोशन करेगी बिटिया,
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि अनामिका अपने परिश्रम और संकल्प के बल पर एक दिन सफल और प्रतिष्ठित चिकित्सक बनेगी और मध्य प्रदेश का नाम रोशन करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार प्रतिभाशाली बच्चों के सपनों को पूरा करने के लिए सदैव उनके साथ खड़ी है।
कलेक्टर ने की मुलाकात, अधिकारियों को दिए निर्देश,
मुख्यमंत्री के निर्देशों के पालन में कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी ने बिटिया अनामिका बैगा से मुलाकात की। इस दौरान कलेक्टर ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी को निर्देश दिए कि अनामिका को NEET की तैयारी के लिए आवश्यक पुस्तकें, कोचिंग और छात्रावास की व्यवस्था शीघ्र सुनिश्चित की जाए।
इसके साथ ही उपखंड अधिकारी कुसमी और जनजातीय कार्य विभाग को निर्देशित किया गया कि अनामिका तथा उनके पिता रामकुमार बैगा से संपर्क कर अन्य आवश्यकताओं की जानकारी ली जाए और बिटिया को सभी पात्र हितग्राहीमूलक योजनाओं से जोड़ा जाए।
बिटिया और परिवार में खुशी का माहौल,
मुख्यमंत्री की इस मानवीय और संवेदनशील पहल से बिटिया अनामिका बैगा और उनके परिवार में खुशी की लहर है। अनामिका ने बताया कि सरकार से मिले सहयोग और भरोसे से उनका आत्मविश्वास और बढ़ गया है।
मानवता के साथ सुशासन का उदाहरण,
यह पहल न केवल एक आदिवासी बिटिया के सपनों को नई उड़ान देने वाली है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि राज्य सरकार प्रतिभा, परिश्रम और संकल्प को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की यह पहल मानवता, संवेदना और सुशासन का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आई है।
