
सीधी। नैकिन एवं रघुनाथपुर पंचायत क्षेत्र में बॉक्साइट खदान तथा अल्ट्राटेक फैक्ट्री से जुड़े भारी वाहनों के लगातार आवागमन को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि दिन-रात भारी वाहनों की आवाजाही से क्षेत्र की सड़कें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं और जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। वहीं वाहनों के गुजरने से उड़ने वाली धूल ने ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ा दी है।
भारी वाहनों की आवाजाही से सड़कें बदहाल,
ग्रामीणों के मुताबिक बॉक्साइट खदान और फैक्ट्री की ओर आने-जाने वाले भारी वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। लगातार भारी दबाव के कारण सड़कों की स्थिति खराब होती जा रही है। कई स्थानों पर सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गई हैं, जिससे दोपहिया वाहन चालकों, पैदल राहगीरों और स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
धूल के गुबार ने बढ़ाई ग्रामीणों की मुश्किलें,
ग्रामीणों का कहना है कि भारी वाहनों के गुजरने के दौरान सड़क से उठने वाली धूल आसपास के घरों और आबादी वाले क्षेत्रों तक पहुंच रही है। इससे घरों के आसपास धूल की परत जमने के साथ ही रोजमर्रा के जीवन पर भी असर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से धूल नियंत्रण के लिए प्रभावी व्यवस्था किए जाने की मांग की है।
कलेक्टर से मुलाकात कर सौंपा ज्ञापन,
क्षेत्र की समस्याओं को लेकर ग्रामीणों ने सीधी कलेक्टर श्री विकास मिश्रा से मुलाकात की और उन्हें पूरे मामले से अवगत कराया। ग्रामीणों की ओर से समस्याओं के शीघ्र एवं स्थायी निराकरण की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत, धूल से राहत के लिए आवश्यक व्यवस्था तथा भारी वाहनों के आवागमन से उत्पन्न समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है।
ग्रामीणों ने जताई तत्काल कार्रवाई की उम्मीद,
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों और खनन से जुड़े वाहनों का संचालन हो रहा है, लेकिन इसके कारण स्थानीय लोगों को होने वाली परेशानियों का भी समाधान जरूरी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मौके की स्थिति का निरीक्षण कर संबंधित विभाग एवं जिम्मेदार संस्थाओं को आवश्यक निर्देश दिए जाएं, ताकि सड़क, धूल और आवागमन की समस्या से लोगों को स्थायी राहत मिल सके।
