
तलाश न्यूज सीधी
सीधी/मझौली। जनपद पंचायत मझौली क्षेत्र की ग्राम पंचायत अमहिया के धनौर से समदा पहुंच मार्ग की पुलिया बरसात में पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर धंस गई। पुलिया टूटने से सैकड़ों ग्रामीणों, खासकर बैगा परिवारों का आवागमन प्रभावित हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया का निर्माण कुछ वर्ष पहले ही हुआ था, लेकिन अब इसके धराशाई होने से निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। बारिश के बीच स्कूली बच्चों, किसानों और आम लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
सरकार बैगा परिवारों को सड़क, बिजली, पानी, आवास और स्वास्थ्य जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के दावे करती है, लेकिन धनौर की यह तस्वीर जमीनी हकीकत पर सवाल खड़े कर रही है।
ग्रामीणों ने कलेक्टर विकास मिश्रा से पुलिया का तत्काल पुनर्निर्माण कराने और मामले की जांच की मांग की है। साथ ही निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग उठ रही है।
सबसे बड़ा सवाल यही है—आखिर पुलिया इतनी जल्दी कैसे धंस गई? क्या जिम्मेदार अधिकारियों की निगरानी में कमी रही, या निर्माण कार्य गुणवत्ता से समझौते की भेंट चढ़ गया? अब देखना होगा कि प्रशासन ठेकेदार एवं जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई करता है।
