रायखोर गांव में हादसे के बाद करीब आधे घंटे तक प्रभावित रहा यातायात, फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी पुलिस
सीधी। जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र के रायखोर गांव में गुरुवार शाम करीब 4 बजे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिसके चलते करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार, रायखोर निवासी सुनीता साहू अपने पति दिनेश साहू के साथ दुकान से सामान लेकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान सीधी की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सुनीता साहू गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए रामपुर नैकिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टर आदर्श मिश्रा ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन महिला की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका।
चालक मौके से फरार, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। चालक के फरार होने से परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों एवं परिजनों को समझाकर चक्काजाम समाप्त कराया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका। पुलिस ने फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के बाद फरार चालक को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

