सीधी। बहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत मलखम गांव के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो स्कूली बच्चियों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब बच्चियां ऑटो में सवार होकर कुबरी स्थित सरस्वती ज्ञान मंदिर स्कूल जा रही थीं।
जानकारी के अनुसार, मलखम गांव के समीप ऑटो चालक दूसरे ऑटो को साइड देने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान ऑटो की सामने से आ रही बस से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक बच्ची ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरी बच्ची को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने ऑटो चालक के साथ मारपीट कर दी, जिसमें उसके गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने आई है।
सूचना मिलते ही बहरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए हादसे की जांच शुरू कर दी। पुलिस दुर्घटना के कारणों और घटना की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है।
दो स्कूली बच्चियों की मौत की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर है। हादसे ने एक बार फिर स्कूली बच्चों की सुरक्षित यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

