
सीधी। यूजीसी के प्रावधानों के संभावित दुरुपयोग और उसके दुष्प्रभावों को लेकर सीधी जिले के ग्राम नौगवां धीर सिंह निवासी देवेन्द्र सिंह चौहान ‘पप्पू’ ने प्रधानमंत्री, भारत सरकार, नई दिल्ली के नाम माननीय सांसद, संसदीय क्षेत्र सीधी के माध्यम से एक ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में कहा गया है कि किसी भी संस्था में एक साथ काम करने वाले लोगों तथा विशेष रूप से छात्र-छात्राओं के बीच आपसी बातचीत के दौरान कभी-कभी छोटी-मोटी गलतियां अथवा हंसी-मजाक की स्थिति बन जाती है। ज्ञापनकर्ता ने आशंका जताई है कि ऐसी सामान्य घटनाओं को राजनीतिक रूप देकर कुछ लोग इसका लाभ उठा सकते हैं और यूजीसी के प्रावधानों का गलत इस्तेमाल किया जा सकता है।
देवेन्द्र सिंह चौहान ने अपने ज्ञापन में कहा कि माननीय जनप्रतिनिधि इस विषय में अनुभवी हैं और उन्हें किसी विशेष बात को समझाने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने निवेदन किया कि कानून अथवा संबंधित प्रावधानों को लागू करते समय ऐसी परिस्थितियों का भी ध्यान रखा जाए, ताकि सामान्य छात्र-छात्राओं या अन्य लोगों को छोटी-मोटी घटनाओं के कारण अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
ज्ञापन में यूजीसी से संबंधित प्रावधानों के दुरुपयोग की आशंका को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने और इस संबंध में उचित निर्णय लेने की मांग की गई है।
