सीधी। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सौंपे गए दायित्वों का उत्कृष्ट एवं सराहनीय निर्वहन करने वाले पांच अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कलेक्टर विकास मिश्रा ने सम्मानित अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।
सम्मानित होने वालों में जिला जनसंपर्क अधिकारी मुकेश मिश्रा, जिला ई-गवर्नेंस प्रबंधक मनीष सिंह, जिला प्रबंधक लोक सेवा जितेंद्र द्विवेदी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी दशरथ प्रजापति एवं नगर पालिका के गौरव सिंह शामिल हैं।
प्रशस्ति पत्र में अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा सौंपे गए दायित्वों का निष्ठा, सक्रियता एवं उत्कृष्ट कार्यकुशलता के साथ निर्वहन करने तथा शासकीय कार्यों एवं नागरिक सेवाओं के प्रभावी संचालन में दिए गए योगदान की सराहना की गई।
कलेक्टर विकास मिश्रा ने सभी सम्मानित अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि शासकीय दायित्वों का पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन प्रशासन को अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुख बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने अधिकारियों को भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।
अधिकारियों को मिला यह सम्मान उनके उत्कृष्ट कार्यों के प्रति प्रोत्साहन के साथ-साथ अन्य अधिकारी-कर्मचारियों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करने वाला है।

