सीधी/रामपुर नैकिन। सीधी जिले के रामपुर नैकिन में मंगलवार सुबह तेज बारिश के दौरान एक कच्चा मकान अचानक ढह गया। मकान के गिरने से घर में रखा पंखा, कूलर, अलमारी, बिस्तर, अनाज की बोरियां सहित तमाम घरेलू सामान मलबे में दबकर खराब हो गया। हालांकि, हादसे से कुछ देर पहले ही मकान की दीवार में दरार दिखाई देने पर पति-पत्नी घर से बाहर निकल गए थे, जिससे दोनों सुरक्षित बच गए।
बारिश के दौरान मकान में भरने लगा था पानी
जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक-4 निवासी मुन्नालाल साकेत अपनी पत्नी के साथ कच्चे मकान में रहते थे। मंगलवार सुबह करीब 8 बजे मुन्नालाल घर के बाहर काम कर रहे थे, जबकि उनकी पत्नी भी घास उखाड़ रही थीं। इसी दौरान तेज बारिश के कारण मकान में पानी भरने लगा और दीवारें कमजोर होने लगीं।
दीवार में दरार देख दंपती ने छोड़ा मकान
मुन्नालाल साकेत के अनुसार बारिश के बीच अचानक मकान की एक दीवार में दरार दिखाई दी। स्थिति को भांपते हुए दोनों पति-पत्नी तत्काल घर से बाहर निकल आए। उनके बाहर निकलने के कुछ ही देर बाद दीवार तेज आवाज के साथ गिर गई और मकान का काफी हिस्सा धराशायी हो गया।
पंखा-कूलर से लेकर अनाज तक मलबे में दबा
मकान गिरने से घर में रखा पंखा, कूलर, अलमारी, बिस्तर, गेहूं-चावल की बोरियां और अन्य घरेलू सामान मलबे में दब गया। अचानक हुई इस घटना से परिवार को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। मकान के क्षतिग्रस्त होने के बाद पीड़ित परिवार के सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने की चुनौती भी खड़ी हो गई है।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने मौके पर पहुंचकर जाना हाल
हादसे की जानकारी मिलने के बाद नगर पंचायत रामपुर नैकिन के अधिकारी-कर्मचारियों को सूचना दी गई। नगर पंचायत अध्यक्ष रामकुमार साहू भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
सर्वे के बाद सहायता मिलने की उम्मीद
नगर पंचायत अध्यक्ष रामकुमार साहू ने बताया कि मकान और बारिश से हुए नुकसान का प्रशासन की ओर से सर्वे कराया जाएगा। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार सहायता एवं मुआवजा दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। हादसे में घर और घरेलू सामान के नुकसान के बाद अब पीड़ित परिवार को प्रशासन से आर्थिक सहायता मिलने की उम्मीद है।
गनीमत रही कि दीवार में दरार दिखाई देने के बाद दंपती समय रहते घर से बाहर निकल गए, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

