सीधी | 08 सितंबर 2026
संजय टाइगर रिजर्व की ब्यौहारी बफर रेंज में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने 7 सितंबर को ग्राम कोठार में छापामार कार्रवाई करते हुए सेही के शिकार के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
रेंजर अर्पित मैंराल के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान कमलेश बैगा, राजेश बैगा और रामसिया बैगा को सेही के करीब 6.5 किलोग्राम कच्चे मांस और 300 ग्राम कांटों के साथ पकड़ा गया।
🔴 कुत्तों की मदद से किया शिकार
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने वन विभाग को बताया कि 7 सितंबर की सुबह करीब 7 बजे बीट मझौली के कक्ष क्रमांक RF-1328 में कुत्तों की मदद से सेही को घेरकर कुल्हाड़ी से हमला किया गया और उसका शिकार किया गया। इसके बाद सेही के मांस को खाने के उद्देश्य से गांव की झाड़ियों में छिपाकर रखा गया था।
न्यायालय ने भेजा जेल
वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की। तीनों आरोपियों को 8 सितंबर 2026 को माननीय न्यायालय मझौली के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
वन विभाग द्वारा संजय टाइगर रिजर्व क्षेत्र में अवैध शिकार और वन्यजीव अपराधों पर लगातार निगरानी रखते हुए कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।

