राजनीति और वेद-शास्त्र के जानकार माने जाने वाले केदारनाथ शुक्ला ने कार्यकर्ताओं की पीड़ा और आगामी राजनीतिक भूमिका पर खुलकर रखी बात,
सीधी। सीधी जिले की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय और पूर्व विधायक पंडित केदारनाथ शुक्ला ने अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर बड़ा बयान दिया है। बातचीत के दौरान उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा— “चुनाव तो हम लड़ेंगे।” उनके इस बयान के बाद जिले के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
राजनीतिक जीवन में कई सामाजिक और राजनीतिक संघर्षों में सक्रिय भूमिका निभा चुके शुक्ला ने बातचीत के दौरान अपने समर्थकों और पुराने कार्यकर्ताओं की भावनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आज भी कई कार्यकर्ता उनसे मिलने आते हैं और भावुक हो जाते हैं। उनका कहना है कि इन कार्यकर्ताओं ने लंबे समय तक उनका झंडा उठाया और राजनीतिक संघर्षों में उनके साथ खड़े रहे।
बातचीत में उन्होंने बद्री मिश्रा द्वारा पूछे गए कई राजनीतिक सवालों के जवाब भी दिए। शुक्ला ने अपने अंदाज में विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखी और संकेत दिया कि उनकी राजनीतिक सक्रियता अभी समाप्त नहीं हुई है।
सीधी की राजनीति में पंडित केदारनाथ शुक्ला का अपना प्रभाव और समर्थकों का एक आधार माना जाता रहा है। ऐसे में “चुनाव तो हम लड़ेंगे” वाला उनका बयान आने वाले समय में जिले की राजनीति में किस तरह की हलचल पैदा करता है, यह देखने वाली बात होगी।

